यूपी के उन्नाव जिले में खनन माफियाओं का काला खेल बेखौफ जारी है। अवैध खनन कर डंप की गई लाखों घन मीटर बालू को लेकर खनन विभाग अनजान बना हुआ है। मामला चर्चा में आने पर अफसर अब टास्क फोर्स बनाकर सभी तहसीलों में अभियान चलाने की बात कह रहे हैं।
गंगा नदी से सटी बांगरमऊ, सफीपुर, सदर और बीघापुर तहसील क्षेत्र में बालू का अवैध खनन कर इसे बड़े पैमाने पर डंप किया गया है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में बालू के बड़े-बड़े टीले खड़े दिखाई देते हैं। पर खनन विभाग इन डंपिंग स्टेशनों पर जमा अवैध बालू की अनदेखी कर रहा है।
कई जगहों पर वैध डंप में भी कुछ ने स्वीकृति से अधिक डंप कर रखा है। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की ओर से जांच शुरू होने के बाद खनन विभाग को पोल खुलने का खतरा नजर आने लगा है। सूत्रों के मुताबिक, बालू खनन माफिया खनन विभाग से मिलीभगत कर अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं।