महाराष्ट्र, गुजरात व राजस्थान सहित अन्य कई प्रदेशों से अपने घर जाने के लिए बाइक व अन्य वाहनों से आ रहे सैकड़ों प्रवासी कामगार मजदूरों को मंगलवार को एट पुलिस ने तेज धूप में पिरौना जालौन-झांसी बॉर्डर पर रोक लिया। तेज धूप में भूख और प्यास से व्याकुल मजदूर आक्रोशित हो गए और पिरोना चौकी को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया।
सैकड़ो की संख्या में प्रवासियों को आक्रोशित देख पुलिस ने आलाधिकारियों को सूचना दी जिस पर डीएम, एसपी, और सदर,व माधोगढ़ विधायक मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। फिर सभी के लिए खाने पीने की व्यवस्था कर उन्हें जाने दिया। जालौन-झासी सीमा पर मजदूरों की आमद जारी है। सुबह से दोपहर तक सैकड़ों की तादाद में प्रवासी मजदूर बॉर्डर पर इकट्ठा हो गए।
हालांकि पुलिस ने किसी को भी सीमा में नही घुसने दिया लेकिन किसी अनहोनी की आशंका से पुलिस भी बैकफुट पर नजर आई क्योंकि दो दिन पहले ही इसी बार्डर पर पुलिस को प्रवासियों का पथराव झेलना पड़ा था। हालांकि जिला प्रशासन के आदेश के बिना पुलिस किसी को भी जालौन सीमा में नहीं घुसने देना नहीं चाह रही थी।
तेज धूप व भूस प्यास से परेशान प्रवासी आक्रोशित हो गए और नारेबाजी करते हुए पिरौना चौकी पर इकट्ठा हो गए जिसे देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। जिसकी जानकारी पुलिस ने डीएम को दी।