औरैया में मुरादगंज के गांव पूठा में मंगलवार को दोपहर एक महिला के उत्पीड़न की शिकायत पर पहुंची पुलिस का रास्ते में खड़ी कार हटाने को लेकर उसमें सवार सिपाही से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर पीआरबी टीम ने सिपाही को हिरासत में ले लिया और उसे अपने साथ लेकर जाने लगी। इस पर वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस व ग्रामीणों के बीच लगभग तीन घंटे तक संघर्ष चलता रहा। इस दौरान मुरादगंज चौकी इंचार्ज व दो सिपाही घायल हो गए। पथराव से अजीतमल कोतवाली इंस्पेक्टर सुधीर सिंह की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में पुलिस ने पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा और घेराबंदी कर 16 लोगों को हिरासत में लिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
गांव पूठा निवासी सरिता पत्नी अखिलेश ने मंगलवार को ननद व सास द्वारा प्रताड़ित किए जाने पर 112 नंबर पर फोन कर पीआरबी पुलिस से शिकायत दर्ज कराते हुए मदद की गुहार लगाई थी। सूचना मिलते ही अयाना के चालक प्रमोद कुमार व कांस्टेबल प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार व हेड कांस्टेबल विद्यासागर दीक्षित दोपहर लगभग डेढ़ बजे सरिता के घर की ओर रवाना हुए।
गांव पहुंचने पर बीच रास्ते में एक कार खड़ी होने से रास्ता जाम था। इस पर पीआरबी पुलिसकर्मियों ने कार हटाने के लिए कहा। इस पर कार सवार युवक पीआरबी पुलिस कर्मियों से गालीगलौज करने लगा। इस पर पीआरबी टीम ने कार सवार युवक को पकड़ कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम नीलेश बताया। साथ ही यह भी बताया कि वह सिपाही है और आगरा में तैनात है। इसके बाद पीआरबी पुलिस उसेे अपने साथ कोतवाली ले जाने लगी।
इसका ग्रामीणों ने विरोध किया और पीआरबी टीम पर लाठी, डंडा व पत्थरों से हमला बोल दिया। साथ ही युवक को छुड़ा ले गए। सूचना मिलते ही मुरादगंज चौकी प्रभारी प्रमोद शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस पर गांव वालों ने उन पर भी लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले से चौकी प्रभारी के अलावा सिपाही नरेंद्र व गौरव घायल हो गए।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे अजीतमल कोतवाली इंस्पेक्टर सुधीर सिंह की गाड़ी पर भी पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस पर हमले की जानकारी मिलते ही सीओ अजीतमल कमलेश पांडेय भारी फोर्स के साथ पहुंचे। इस पर गांव वालों ने उन पर भी पथराव किया। इसके बाद सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने पथराव कर रहे गांव वालों को लाठियां फटकार कर खदेड़ा। घेराबंदी कर 16 ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया।
उधर, गांव वालों के पथराव कर हमला करने का फायदा उठाकर नीलेश मौके से भागने में सफल रहा। इस संबंध में सीओ कमलेश पांडेय ने बताया कि आरोपी नीलेश कुमार नशे में था। वह आगरा क्षेत्र में पुलिस में कहीं तैनात है। बताया कि पुलिस पर पथराव कर हमला करने वाले 16 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही फरार आरोपी नीलेश के अलावा अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपी की कार को क्रेन से कोतवाली पहुंचा दिया गया है।