हरदोई। मल्लावां सीएचसी में शनिवार की सुबह नर्सिंग स्टाफ के इंजेक्शन लगाने के बाद अधेड़ की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। मृतक के दामाद ने घटना के हालात पर संदेह जताया। पुलिस को सूचना दी।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ठेठिया जाहिदपुर निवासी रामपाल (52) लुधियाना में मजदूरी करते थे। कस्बे के मोहल्ला कटरा गंगारामपुर निवासी दामाद रामासरे ने बताया कि रामपाल का परिवार भी लुधियाना में रहता है। डेढ़ माह पहले रामपाल जाहिदपुर आए थे। इस दौरान वह सुनासीर नाथ मंदिर गए थे। वहां पैर फिसलने से रामपाल को चोट लग गई थी। उनके एक कान में ज्यादा चोट आई थी। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद रामपाल लुधियाना चले गए थे। वहां भी उनका इलाज चल रहा था।
15 दिन पहले रामपाल उनके यहां गंगारामपुर आए थे। रामपाल का इलाज वह सीएचसी से करा रहे थे। शनिवार की सुबह वह रामपाल को लेकर मल्लावां सीएचसी गए थे। वहां चिकित्सक को दिखाया। नर्सिंग स्टाफ ने रामपाल को एक इंजेक्शन लगाया। दावा है इससे रामपाल की तबीयत बिगड़ गई। उनके मुंह झाग आने लगा। कुछ देर बाद रामपाल की मौत हो गई।
रामासरे ने घटना के हालात पर संदेह जताया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रामपाल के परिवार में पत्नी रामदेवी, एक पुत्र सूरज और चार पुत्रियां हैं। मल्लावां कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि शव पंचनामा भरवाया गया है। परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।