मौसम में नमी और बादल रहने से शुक्रवार को भी शहरी क्षेत्र में प्रदूषण की मात्रा में इजाफा हुआ। कल्याणपुर और आईआईटी क्षेत्र में इसका असर ज्यादा देखने को मिला। कल्याणपुर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार तीसरे दिन बढ़ा हुआ दर्ज किया गया।
हालांकि आईआईटी के आसपास बीते तीन से बढ़ा एक्यूआई दर्शाने के बाद चौथे दिन मीटर खराब हो गया। इस वजह से शुक्रवार की रीडिंग दर्ज नहीं हुई। मंगलवार को आईआईटी का एक्यूआई 257 था। बुधवार को 305 और गुरुवार को 322 पर पहुंच गया था। बताते हैं कि यहां दो-तीन दिन आगे भी रीडिंग दर्ज नहीं होगी।
कल्याणपुर की तरह बाकी क्षेत्रों के एक्यूआई में भी पांच से 10 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई है। नमी और बादलों की वजह से जमीन से धुएं और धूल के रूप में ऊपर जाने वाले प्रदूषित कण बिखरने के बजाए एक स्थान पर परत के रूप में जमा हो जाते हैं, जिससे प्रदूषण की मात्रा बढ़ जाती है।
बाकी क्षेत्रों का तो और भी बुरा हाल
जब शहर के साफ सुथरे आईआईटी क्षेत्र की यह हालत है तो ट्रांसपोर्ट नगर, टाटमिल, नौबस्ता और रामादेवी, फजलगंज जैसे क्षेत्रों की हालत निश्चित तौर पर इससे ज्यादा खराब होगी। मेट्रो निर्माण वाले क्षेत्र आर्यनगर, बेनाझाबर, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नरोना चौराहा के आसपास धूल की वजह से सांस लेना दूभर है। मगर शहर में इन क्षेत्रों का एक्यूआई मापने की व्यवस्था नहीं है।
प्रदूषण की स्थिति (एक्यूआई)
क्षेत्र 17 नववंबर 18 नवंबर 19 नवंबर
किदवई नगर क्षेत्र में 238 215 240
कल्याणपुर क्षेत्र में 235 253 284
नेहरू नगर क्षेत्र में 286 284 306
आईआईटी के आसपास 305 322 मीटर खराब