यूरोप के लिथुआनिया देश से मलेशिया जाते वक्त मर्चेंट नेवी जहाज में सवार चीफ कुक मनीष पाल 29 जनवरी को लापता हो गए। मनीष ग्वालटोली के रहने वाले हैं। मनीष के दोस्त के जरिये उनके परिजनों को जानकारी हुई। परिजनों ने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, सभी पुलिस अधिकारियों, डीजीपी को पत्र भेजकर बेटे को ढूंढने के लिए मदद की गुहार लगाई है।
ग्वालटोली के अहिराना निवासी जयसेवक पाल के बेटे मनीष पाल 11 साल से मर्चेंट नेवी में कुक हैं। मनीष ने सितंबर 2020 में मुंबई के बर्नहार्ड शटल शिप मैनेजमेंट प्रा. लि. नाम की कंपनी में नई नौकरी ज्वाइन की थी। 12 सितंबर 2020 को मनीष कंपनी की तरफ से शिप पर रवाना हुए थे।
शिप पर उनके जून 2021 तक रहने का करार है। परिजनों के मुताबिक 29 जनवरी 2021 को मनीष से आखिरी बातचीत हुई। उसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। मनीष के मामा सुनील पाल ने बताया कि मनीष का किदवई नगर निवासी एक दोस्त भी मर्चेंट नेवी में है।
उसको उस कंपनी के जरिये मनीष के लापता होने की जानकारी मिली। कंपनी की तरफ से परिजनों को कोई सूचना इस संबंध में नहीं दी गई है। परिजन अब विदेश मंत्रालय और शिप कंपनी से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।