अकबरपुर संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से खतौनी में मृतक दर्ज करने की शिकायत करता किसान।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले की छह तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 461 शिकायतें दर्ज की गई। इनमें से सिर्फ 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। सबसे अधिक 175 शिकायतें अकबरपुर कस्बे के जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज हुई। यहां 12 शिकायतें मौके पर निस्तारित हुई। अकबरपुर कस्बे के लोधीपुर गांव में किसान को मृत दर्शाकर पड़ोस के गांव के काश्तकारों के नाम गलत वरासत दर्ज करने पर डीएम ने लेखपाल सुनील कटियार को निलंबित कर दिया।
लोधीपुर निवासी रामकृष्ण शर्मा ने पिछले दिनों खतौनी निकलवाई तो शेरपुर तरौंदा निवासी रमेश कुमार, दिनेश कुमार व महेश कुमार के नाम दर्ज देख सन्न रह गया। वह फरीदाबाद में रहता है। मंगलवार को रामकृष्ण शर्मा पत्नी मंजू को लेकर अकबरपुर तहसील पहुंचे और शिकायत की। डीएम ने चकबंदी अधिकारी उदय प्रताप और तहसीलदार सदर संजय कुमार से पड़ताल कराई। वर्ष 2018 में गलत वरासत दर्ज होने की स्थिति मिली। तत्काल नाम संशोधित करा नई खतौनी डीएम ने किसान को सौंपी। चकबंदी अधिकारी व तहसीलदार सदर को 11-11 रुपये का नगद पुरस्कार दिया। सरकारी भूमि पर पांच वर्ष देरी से दाखिल खारिज की स्थिति पर डीएम ने चेतावनी दी। बुढ़िया गांव के रामप्रकाश की भूमि पर गलत अंश निर्धारण की शिकायत पर डीएम ने तहसीलदार को सही अंश निर्धारण कराकर रिपोर्ट तलब की। बारा के दानिश खान ने जामा मस्जिद वाली गली में कूड़े का अंबार लगा होने की शिकायत की। बीडीओ को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। अकबरपुर कोतवाली के एक गांव की युवती का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में एसपी केशव कुमार चौधरी ने धीरपुर, मंगलपुर निवासी आरोपी पर एफआईआर दर्ज कर के लिए कोतवाल को निर्देशित किया। यहां डीएफओ डॉ. ललित कुमार गिरि, एसडीएम आनंद कुमार सिंह, सीओ संदीप सिंह आदि रहे।
मैथा तहसील में एसडीएम रामशिरोमणि की मौजूदगी में 23 शिकायतें दर्ज हुई। तीन शिकायतों का निस्तारण मौके पर हुआ। तहसीलदार रामशंकर, तहसीलदार न्यायिक पूर्णिमा सिंह रहीं। डेरापुर तहसील में एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी की अध्यक्षता में 75 शिकायतें दर्ज हुई। इसमें सिर्फ तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सिकंदरा तहसील में एसडीएम आरसी यादव की मौजूदगी में 72 फरियादी आए। किसी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। ररौख गांव निवासी सचेंद्र सिंह ने तालाब व नाला की खुदाई मनरेगा योजना में जेसीबी से कराने का आरोप लगाया। सीओ राजाराम चौधरी व तहसीलदार लखन लाल राजपूत रहे। रसूलाबाद में एसडीएम अंजू वर्मा की मौजूदगी में दर्ज 37 शिकायतों में सिर्फ तीन का मौके पर निस्तारण हुआ।
अम्मा रुको, तुम्हें आज ही मिलेगी सही खतौनी
कानपुर देहात। अम्मा तुम रुको। गांव का लेखपाल कौन है उसे बुलाइए। आज ही सही खतौनी अम्मा को मिलनी चाहिए। यह निर्देश मंगलवार को डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने दिए तो बाढ़ापुर गांव से संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची वृद्धा रामकुमारी की नजर डीएम के चेहरे पर ठहर गई। दरअसल पति राजाराम की मौत तीन वर्ष पूर्व होने के बाद 12 बिस्वा भूमि पर वरासत दर्ज नहीं हुई तो वृद्धा तहसील पहुंची थी। कुछ देर में लेखपाल अनिरुद्ध सभागार में पहुंचा। वृद्धा को साथ ले जाकर जांच करने का निर्देश डीएम ने लेखपाल को दिया। हिदायत देकर कहा कि आज ही अम्मा को खतौनी दी जाए। लेखपाल की जांच के बाद रामकुमारी व उसके बेटे वीरेंद्र व नन्हें के नाम वरासत दर्ज की गई। शाम को वृद्धा व उसके बेटों का खतौनी दी गई। वृद्धा को कंबल दिया गया। डीएम ने बताया कि दो माह में सात सौ वरासत दर्ज कराई गई है।