कानपुर देहात। अकबरपुर सीएचसी परिसर के पास बने ड्रग वेयर हाउस के बाहर रविवार सुबह मेडिकल कचरा आग के हवाले कर दिया गया। इससे परिसर में काला धुआं छा गया। दमघोंटू माहौल से सीएचसी में आए मरीज व तीमारदार परेशान हो गए। अब सीएमओ ने मेडिकल कचरा जलाने की जांच कराने की बात कही है।
मेडिकल कचरा के निस्तारण की व्यवस्था पहले से तय है। हालांकि जिम्मेदार अफसर नियमानुसार कचरा निस्तारण पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अकबरपुर सीएचसी के पास ड्रग वेयर हाउस बना है। यहां दवाओं व मेडिकल प्रयोग की सामग्री का स्टाक रहता है।
रविवार को सुबह करीब दस बजे ड्रग वेयर हाउस की सफाई कर कर्मियों ने बोरियां में बंद मेडिकल वेस्ट पास में ही एकत्र कर दिया। इसके बाद इस कचरे को आग के हवाले कर दिया। इससे करीब आधे घंटे तक परिसर में गहरा काला धुआं उठता रहा।
इस दौरान मरीज व तीमारदारों को धुएं से परेशानी हुई। कई लोग आग लगने को लेकर आशंकित नजर आए। हालांकि बाद में सही कारण की जानकारी लोगों को हुई। अकबरपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. आईएच खान ने बताया कि अस्पताल परिसर के पास ही ड्रग वेयर हाउस है। यह सीएमओ कार्यालय के अधीन हैं। कचरा जलाने पर धुआं उठता देखकर वह गए थे, लेकिन गेट बंद होने से वापस आ गए।
ड्रग वेयर हाउस का चार्ज डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी वर्मा के पास है। ड्रग वेयर हाउस में दवाएं रखने वाले खाली गत्ते आदि काफी संख्या में निकलते हैं। हो सकता है कि गत्ते जलाए गए हो। मेडिकल कचरा जलाया गया या नहीं इसकी जांच कराई जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
- डॉ. राजेश कटियार, सीएमओ