जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर की प्राचार्य डॉ. आरती लालचंदानी ने लखनऊ निवासी वकील आरएस यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर वकील ने उनको बदनाम किया है।
इंस्पेक्टर स्वरूप नगर सतीश चंद्र साहू ने बताया कि लखनऊ के हजरतगंज स्थित ए-ब्लॉक लाप्लास अपार्टमेंट निवासी आरएस यादव पेशे से वकील हैं। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य का आरोप है कि आरएस यादव फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाकर दो बार मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया में चुनौती दे चुके हैं। वहीं हाईकोर्ट में केस किया है। इसके अलावा बदनाम करने के लिए आए दिन मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर भी वह शिकायत करते हैं। इस संबंध में उन्होंने एडीजी और एसएसपी को भी पत्र लिखा था। स्वरूप नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दफ्तर से लीक हो रहे दस्तावेज
डॉ. आरती ने तहरीर में लिखा है कि उनके दफ्तर से महत्वपूर्ण दस्तावेज लीक हो रहे हैं। वकील फर्जी दस्तावेज तैयार कर इन महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ मिलाकर गड़बड़ियां कर रहा है। ऐसे में उनका कहना है कि सरकारी काम करने में बाधा उत्पन्न की जा रही है।