कानपुर में अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले अमेरिकी केमिकल सप्लायरों की तलाश में आगरा गई टीम खाली हाथ लौट आई। आरोपियों ने वहां से केमिकल खरीदने की बात कही थी। बताए गए नाम व पते भी फर्जी निकले हैं। ऐसे में पुलिस की जांच उलझ गई है।
यह पता लगाना चुनौती बन गया है कि आखिर ये केमिकल शहर में कहां से लाया जाता था। 9 मार्च को घाटमपुर में जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में बसपा नेता योगेंद्र कुशवाहा, उसके भाई सर्वेश सहित दो दर्जन आरोपी जेल में हैं।
इनके ठिकानों से भारी मात्रा में डाई फिनायल ऑक्साइड बाईफिनायल केमिकल मिला था। जांच में पता चला कि ये केमिकल अमेरिका का है। घाटमपुर सीओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों ने बताया था कि वे आगरा से ये केमिकल लाते थे। पांच लोगों के नाम व तीन ठिकाने भी बताए थे। जब वहां दबिश दी तो कोई नहीं मिला।