पीएम मोदी के मन की बात पाकिस्तान पहुंची या नहीं लेकिन एक कनपुरिया अंडे वाले के मन की बात जरूर पाकिस्तान पहुंच गई है। जी हां, इन दिनों फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप पर एक अंडे वाले की तस्वीर काफी तेजी से वायरल हो गई है। इसे कानपुर का बताया जा रहा है। अंडे वाले ने अपनी दुकान के सामने एक बैनर टांग रखा है जिस पर उसके ‘मन की बात’ लिखी हुई है।
लिखा है कि ‘इस वर्ल्ड कप में ऐसा पहली बार हो रहा है कि मैच किसी का भी हो लेकिन हार पाकिस्तान रहा है’। ये दुकान किसी अनिल नाम के शख्स की बताई जा रही है। अबतक करीब सात लाख से अधिक लोग शेयर, रीट्वीट और व्हाट्सएप कर चुके हैं। लोगों ने कनपुरिया अंदाज में इसपर कमेंट भी किए हैं।
मोदी ने जापानी पीएम को बताया, कनपुरिया लेते हैं उनका नाम
एक मेमे भी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें लिखा है कि जापानी प्रधानमंत्री ‘आबे’ यह सुनकर बहुत खुश हो गए जब मोदी जी ने उन्हें बताया कि कानपुर का हर आदमी किसी को बुलाने के लिए सबसे पहले आपके नाम का ही उच्चारण करता है।
इसका उदाहरण भी मजाकिया अंदाज में दिया है। जैसे कि अबे सुन, अबे इधर आ, अबे कायदे में रह...। लोगों को इस कनपुरिया मेमे का अंदाज काफी पसंद आ रहा है।
कानपुर से बांदा की सड़कों पर कई तालाब
बारिश के मौसम में खस्ताहाल सड़कों को लेकर जोक न बने ऐसा हो ही नहीं सकता। इन दिनों जगह-जगह गढ्ढे वाली एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी शेयर हो रही है। इसमें गढ्ढों में खूब पानी भरा हुआ है।
मनीष नाम के शख्स ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा है कि यह कानपुर से बांदा ललोरी मार्ग के बीच का रास्ता है। यहां सरकार ने कदम-कदम पर तालाब बनवा दिया है। कानपुर-बुंदेलखंड के इस क्षेत्र में कुल 19 विधायक और चार सांसदों ने मिलकर इसे बनवाया है।