सैफई। कलार मंदिर के पास मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार को नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली चलने की आवाज पर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर बाइक से भाग गए। वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
जिला मैनपुरी के थाना कुरावली क्षेत्र के गांव फतेहजनपुर निवासी सत्यप्रकाश का बेटा नीरज (32) बीते तीन साल से अपनी ननिहाल मैनपुरी कोतवाली सदर क्षेत्र के ब्योती खुर्द गांव में रह रहा है। उसके साथ पत्नी कामिनी व दो बच्चे भी रहते हैं। वह जसवंतनगर में एक कोल्ड स्टोरेज में काम करता है। मंगलवार दोपहर नीरज बाइक से जसवंतनगर आ रहा था।
रास्ते में गांव कटेयापुर के नगला कलार मंदिर के पास नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी, जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। खेतों में काम रहे लोगों के आने पर हमलावर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। गोली युवक के पेट में दाहिनी तरफ लगी है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सीओ सैफई शैलेंद्र प्रताप सिंह गौतम ने बताया कि युवक के गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है।