शहीद अनमोल प्रताप सिंह का पार्थिव शरीर सैन्य कर्मी सोमवार शाम को चकेरी स्थित सेवन एयरफोर्स अस्पताल लेकर पहुंचे। मंगलवार सुबह राजकीय सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार अर्रा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर किया जाएगा।
इधर बेटे की याद में बेसुध परिजनों की हालत देखते हुए सैन्य अधिकारियों ने अनमोल के पार्थिव शरीर को रात में उनके पैतृक आवास में भेजने का जोखिम नहीं उठाया है। उधर शहीद के अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीण दिन भर तैयारियों में डटे रहे। कई राजनीतिक लोग भी शहीद के परिजनों को सांत्वना देने घर पहुंचे।
नौबस्ता खाड़ेपुर योगेन्द्र विहार के रहने वाले शहीद नायाब सूबेदार अनमोल प्रताप सिंह (28) चीन से सटी सीमा लद्दाख में बीते शुक्रवार को हिमस्खलन की वजह से हादसे का शिकार हो गए थे। इस हादसे में उनके साथ कई जवान और शहीद हुए हैं। खराब मौसम के चलते दो दिन से शहीद का पार्थिव शरीर लद्दाख से रवाना नहीं हो पा रहा था।
सोमवार सुबह लद्दाख से बाई प्लेन शहीद का पार्थिव शरीर दिल्ली से फिर लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा, जहां शहीद के चाचा भानुप्रताप सिंह, चचेरा भाई नीरज, फूफा रघुराज सिंह और दोस्त दीपू पहले से मौजूद थे। शाम 5 बजे अमौसी एयरपोर्ट से परिजन सेना के दल के साथ पार्थिव शरीर लेकर शहर के लिए रवाना हुए।
देर शाम आठ बजे शहीद का पार्थिव शरीर चकेरी स्थित सेवन एअरफोर्स हॉस्पिटल पहुंच गया। जहां शहीद का शव हॉस्पिटल की मोर्च्युरी में रखवा दिया गया है।
सुबह सेना के जवान शहीद का शव लेकर खाड़ेपुर योगेन्द्र विहार जाएंगे। शहीद के चाचा भानुप्रताप ने बताया कि अनमोल का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ सुबह 10:30 बजे किया जाएगा।