जालौन में कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरदौली में बीती रात एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते कमरे के पंखे के कुंदे में रस्सी से फांसी लगा आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर ज्ञान भारती चौकी इंचार्ज गोकुल सिंह मौके पर पहुंचे व जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरदौली निवासी प्रमोद कुमार की शादी पांच साल पहले ग्राम रहट थाना चिकासी हमीरपुर निवासिनी सरोज के साथ हुई थी।
बीती रात में बरदौली स्थित घर के कमरे के अंदर सरोज उम्र 28 वर्ष ने फांसी लगा ली। सुबह होने पर परिजनों ने शव फंदे पर लटका देखा, तो घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। चौकी इंचार्ज गोकुल सिंह ने बताया कि मृतका के छोटे छोटे दो बच्चे हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना का कारण स्पष्ठ नही हो पाया है।