फतेहपुर के अमौली में पाराधनई के मठ गांव में गुरुवार शाम एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कानपुर ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। मायके पक्ष ने चांदपुर थाने में दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
कानपुर जिले में घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी लालू की बहन उमा देवी (22) की शादी दो साल पहले मठ गांव निवासी आशीष शंखवार से हुई थी। वह मजदूरी करता है। होली के मौके पर उमा मायके चली गई थी। ससुराल से पति गुरुवार को घर लौटा था।
पति ने बताया कि वह शाम को गांव में खाने के बाद घूमने निकला था। लौटा तो पत्नी की हालत बिगड़ी देखकर होश उड़ गए। उसने पूछने पर सल्फास की गोली खाना बताया। वह सीएचसी लेकर पहुंचा। डाक्टर ने कानपुर को रेफर किया। कानपुर लेकर जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
भाई लालू के आरोप पर पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। लालू ने आरोप लगाया कि बहनोई उसे जबरन ससुराल लेकर चला गया था। एसएसआई विद्याराम यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।