फर्रुखाबाद जिले में दहेज में तीन लाख रुपये न देने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद उसका जबरन गर्भपात करा दिया। महिला थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवाहिता का मेडिकल कराया गया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला ग्राटगंज निवासी महेश चंद्र ने अपनी पुत्री अनीता का विवाह सात जुलाई 2017 को थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला बड़ा खेल बजरिया निवासी प्रियश सक्सेना से किया था। विवाह के कुछ दिनों बाद ही पति व ससुरालीजन दहेज में तीन लाख रुपये की मांग कर अनीता को प्रताड़ित करने लगे।
कई बार अनीता के परिजनों ने उसकी ससुराल जाकर पंचायत की, लेकिन ससुराल वालों ने अपना रवैया नहीं बदला। अनीता का जबरन गर्भपात करवा दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। ससुराल वालों ने अनीता को मारपीट कर सात मार्च को घर से निकाल दिया।
इस मामले में अनीता ने पति प्रियश सक्सेना, ससुर शिवचरन लाल सक्सेना, सास मंजू, जेठ राजू सक्सेना, जेठानी पूजा सक्सेना निवासी बड़ा खेल बजरिया, रेलवे के पूर्व वाणिज्य अधीक्षक सोबरन सिंह निवासी थाना मऊदरवाजा बाईपास रोड कायमगंज के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व जबरन गर्भपात कराने का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला एसओ विनीता सारथी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।