यूपी के बांदा जिले में सड़कों पर आवारा टहलने वाले जानवर लोगों की जान के दुश्मन भी बन रहे हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर इन्हीं के चलते बाइक सवार चाचा-भतीजा रोडवेज बस की चपेट में आ गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दोनों ने ही हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया।
कालिंजर थाने के छतैनी गांव के सुल्तान का पुरवा निवासी दादू (45) पुत्र इंद्रपाल अपनी बहू को दिखाने नरैनी सीएचसी लाए थे। साथ में उनका भतीजा प्रदीप कुमार (18) पुत्र रामप्रसाद भी था। बहू को दिखाने के बाद दादू ने उसे एंबुलेंस से गांव भिजवा दिया और खुद भतीजे के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। बाइक प्रदीप चला रहा था। दोपहर को जैसे ही कालिंजर रोड पर शंकर पुरवा के पास पहुंचे, तभी सड़क पर घूम रहे आवारा जानवर सामने आ गए।
इन जानवरों से बचने के लिए प्रदीप ने बाइक दाहिनी ओर घुमा दी। उधर, सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दोनों को रौंद डाला। पुलिस ने बवाल की आशंका से शवों को मौके से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल राकेश सरोज ने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन भी आ गए। अभी किसी ने घटना की तहरीर नहीं दी है।