परिजनों के मुताबिक, युवक करीब एक सप्ताह से किशोरी को ड्राइविंग सिखा रहा था। सोमवार को कार चलाना सिखाने के दौरान युवक ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और उसे प्रेम जाल में फंसाने का प्रयास किया। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
आरोप से भड़के परिजन, आरोपी के घर पहुंचे
किशोरी की ओर से लगाए गए आरोपों से नाराज परिजन और इलाकाई लोग बड़ी संख्या में आरोपी के घर पहुंच गए। वहां युवक के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसका आधा सिर मुंडवा कर उसे गली में घुमाया गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस ने हिरासत में लेकर कराया मेडिकल
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया और अस्पताल भेजा। पुलिस किशोरी और उसके परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के साथ आरोपी का पक्ष भी जान रही है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।