शिवपाल ने साझा की थी तस्वीर
शिवपाल से मुलाकात के बाद डिंपल यादव एवं अखिलेश यादव ने फोटो ट्वीट करते हुए लिखा कि नेताजी के और घर के बड़ों के साथ-साथ मैनपुरी की जनता का भी आशीर्वाद साथ है। दोपहर बाद शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया। इसमें लिखा कि जिस बाग को सींचा हो खुद नेताजी ने, उस बाग को अब हम सीचेंगे अपने खून, पसीने से।
वहीं, शिवपाल ने समर्थकों से बुधवार की बैठक में परिवार की एकजुटता के लिए डिंपल के पक्ष में मतदान करने की बात कही। सियासी गलियारे में नजर रखने वालों का कहना है कि शिवपाल को इसी वक्त का इंतजार था। नामांकन के दिन भी डिंपल समर्थन मांगतीं तो वह साथ नजर आते, लेकिन सपा से यह चूक हुई।
बता दें कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी संसदीय सीट खाली हुई थी। यहां उपचुनाव पांच दिसंबर को होंगे और परिणामों की घोषणा आठ दिसंबर को होगी। इस सीट को लेकर सियासी गलियारों में सरगर्मी तेज है।
मैनपुरी में भाजपा और बसपा ने कई बार शाक्य प्रत्याशी के हाथ चुनावी पतवार सौंपी, लेकिन फिर भी भंवर से उनकी नैया पार नहीं हो सकी। हर बार सपा और मुलायम की सुनामी में भाजपा और बसपा की नैया डूबती रही। इस बार भी भाजपा की ओर से शाक्य प्रत्याशी ही मैदान में है।