आरिफ मंसूरी की फाइल फोटो व परिजनों ने जाम किया हाईवे
- फोटो : अमर उजाला
पनवाड़ी थाना पनवाड़ी के इटौरा गांव से निकली अर्जुन सहायक नहर में सोमवार की दोपहर दोस्तों के साथ नहाने गया युवक डूब गया। काफी देर तक पुलिस प्रशासन की ओर से गोताखोरों को न बुलाए जाने से भड़के परिजनों व ग्रामीणों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर कुनाटा मोड़ के पास जाम लगा दिया। एक घंटे तक जाम लगा रहने से सैकड़ों की संख्या में वाहन फंसे रहे। क्षेत्राधिकारी और तहसीलदार के आश्वासन पर जाम खुल सका। पांच घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने नहर से शव को बरामद किया।
थाना महोबकंठ के पहाड़िया गांव निवासी सलमान का बेटा आरिफ मंसूरी (19) अपने तीन दोस्तों के साथ दोपहर करीब एक बजे लहचूरा गांव से निकली अर्जुन सहायक नहर में नहाने गया था। वह पुल से छलांग लगाकर नहर में कूद गया। पानी का बहाव तेज होने के चलते युवक बह गया। तब अन्य साथियों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। दो घंटे तक किसी भी गोताखोर के न आने से परिजन भड़क गए। उन्होंने प्रशासन पर गोताखोरों को जल्द न बुलाने का आरोप लगाते हुए हाईवे पर कुनाटा मोड़ के पास जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गईं।