Mahoba News: जिले में सिपाही की बहन का शव जंगल में मिला है। युवती रात दो बजे घर से निकली थी, जिसके बाद गला दबाकर और चोट पहुंचाकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महोबा जिले में शहर के सुभाष नगर मोहल्ले के रहने वाले मानिकचंद्र रैकवार की बेटी प्रियंका (21) का शव घर से करीब 300 मीटर दूर जंगल में मंगलवार की सुबह मिला। युवती के चेहरे पर चोट के निशान थे। अनुमान के तहत गला दबाकर और चोट पहुंचाकर युवती की हत्या की गई है।
युवती का बड़ा भाई संतोष पुलिस विभाग में सिपाही है और सोनभद्र में तैनात है। युवती रात करीब दो बजे घर से निकली थी। घर के लोग गेहूं की मड़ाई कराने गए थे। घर में दो भाई, माता-पिता बाबा और एक बुआ की बेटी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।