बस के भीतर तक पानी भरने से यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कड़ी मशक्कत के बाद महिलाओं और बच्चों समेत सभी सवारियों को कमर तक पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कमर तक पानी में चलकर यात्रियों ने बचाई जान
बस चालक शीबू खान के मुताबिक, मुस्करा से आते समय जैसे ही बस बजरिया अंडरपास में दाखिल हुई, गहरे पानी के कारण इंजन बंद हो गया। देखते ही देखते बस के गेट और इंजन के हिस्से से पानी अंदर भरने लगा। यात्री प्रमोद और देवीदीन ने बताया कि अंदर पानी भरता देख लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे।
यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए पहले छोटे बच्चों और महिलाओं को शीशे व गेट के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला, फिर खुद कमर तक भरे पानी में चलकर बाहर आए। घटना के बाद अंडरपास में यातायात करीब तीन घंटे तक पूरी तरह ठप रहा।
पंप लगाकर निकाला गया पानी
मामले में झांसी रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण पुराने अंडरपास (संख्या 429) में जलभराव हुआ था। सुरक्षा के लिहाज से मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर 10 एचपी और 42 एचपी के दो पंप लगाकर 30 से 40 मिनट में पानी खाली कराया गया और फंसी बस को बाहर निकाला गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पास में स्थित नया लिमिटेड हाइट सबवे पूरी तरह चालू था और वहां जलभराव नहीं हुआ।