शराब की लत ने उजाड़ा था घर
इस पूरी वारदात के पीछे एक बेहद कड़वा और लंबा अतीत छिपा हुआ है। मृतक भगवत (36) की शादी 10 साल पहले प्रेमवती नाम की युवती से हुई थी। लेकिन भगवत को शराब की ऐसी गंदी लत थी कि वह शादी के बाद से ही आए दिन अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट और गाली-गलौज करता था।
मृतक की मां रम्भी ने रोते हुए बताया कि उसकी बहू इस नरक से तंग आकर सिर्फ 3-4 बार ही ससुराल आई और फिर हमेशा के लिए अपने मायके चली गई। पत्नी के जाने के बाद भी भगवत का दिल नहीं पसीजा और वह मेहनत-मजदूरी से मिलने वाले सारे रुपये शराब में ही फूंक देता था।
बूढ़ी मां पर बरसा रहा था लात-घूंसे, पिता ने पीछे से किया वार
मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे भगवत हमेशा की तरह आकंठ शराब में डूबा हुआ घर पहुंचा। जब उसकी बूढ़ी मां रम्भी ने उसे इतनी ज्यादा शराब पीने से मना किया, तो वह आगबबूला हो गया और अपनी ही मां को जमीन पर गिराकर पीटने लगा।
80 साल की मां की चीखें सुनकर पास ही बैठे 85 वर्षीय पिता नन्हेभाई ने बेटे को रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन नशे में धुत भगवत थमा नहीं। बेटे को अपनी मां पर काल बनकर टूटता देख बुजुर्ग पिता के भीतर का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पीछे से भारी डंडे से भगवत के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
जमीन पर गिरते ही सिर पर दे मारा भारी पत्थर
डंडे के वार से भगवत जब जमीन पर गिरकर तड़पने लगा, तब भी बुजुर्ग पिता का गुस्सा शांत नहीं हुआ। रोज-रोज के इस घरेलू कलेश और मां पर हो रहे अत्याचार को खत्म करने के लिए नन्हेभाई ने पास में रखा एक भारी पत्थर उठाया और सीधे भगवत के सिर पर दे मारा।
पत्थर लगते ही भगवत का सिर फट गया और वह अचेत हो गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने लहूलुहान भगवत को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आनंदपुरा बड़ेरा गांव में पिता द्वारा पुत्र की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी।
मृतक शराब का बेहद आदी था और घर में आए दिन माता-पिता के साथ विवाद और मारपीट करता था। आरोपी पिता नन्हेभाई को हिरासत में ले लिया गया है और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।