महोबा जिले में ग्राम महुआ बांध में साथ खाने पीने के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद शाम को गहरा गया। गुस्साए युवक ने दोस्त के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां ने गांव के चार युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्लॉक जैतपुर के ग्राम महुआ बांध निवासी कमलेश और उसके साथी महेश (16), राजकुमार, छोटू, टुटियां गांव में साथ-साथ मजदूरी करते थे।
ग्रामीणों के मुताबिक रविवार की दोपहर चारों लोगों ने साथ बैठकर खाया पिया। इसी दौरान महेश और कमलेश (25) में कहासुनी हो गई। दोस्तों ने बीच बचाव कर टकराव टाल दिया। शाम को गांव में दोनों का सामना हो गया।
दोपहर को हुए विवाद में गाली गलौज को लेकर बढ़ी बातचीत बाद कमलेश घर गया और कुल्हाड़ी रास्ते में महेश पर हमला कर दिया। हमले से मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। महेश के परिजन उसे जैतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।