यूपी में मतगणना शुरू होने के साथ ही जिले की दोनों सीटों पर पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बनाई हुई है। जिससे भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर तो सपा, बसपा समेत अन्य पार्टियों के कार्यकर्ताओं में मायूसी का माहौल दिखाई दे रहा है।
महोबा जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा ने फिर जीत हासिल की है। गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में चल रही मतगणना का शाम को जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, भाजपा समर्थक खुशी से झूम उठे। प्रत्याशियों की जीत पर भाजपा समर्थकों ने बुलडोजर लेकर डीजे की धुन पर जश्न मनाया।
विज्ञापन
पॉलीटेक्निक कॉलेज में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। प्रेक्षक डॉ. एम माथिवनन व टीएस राजशेखर और जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार की मौजूदगी में कंट्रोल रूम खोलकर कड़ी सुरक्षा में ईवीएम टेबल पर लाईं गईं। सदर सीट की मतगणना 26 राउंड और चरखारी सीट की मतगणना 31 राउंड में हुई।
दोपहर में मतगणना के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सपा और जन अधिकार पार्टी ने मतगणना का बहिष्कार किया और आरओ को ज्ञापन सौंपा। शाम को दोनों सीटों के परिणाम जारी किए गए। महोबा से भाजपा प्रत्याशी राकेश गोस्वामी ने अपने प्रतिद्वंद्वी सपा के मनोज तिवारी को 43,399 मतों से हराया।
विज्ञापन
भाजपा प्रत्याशी को 93,997 मत मिले। चरखारी सीट से भाजपा के प्रत्याशी बृजभूषण राजपूत ने सपा के रामजीवन यादव को 41,881 मतों से हराकर जीत दर्ज की। भाजपा ने इस विधानसभा चुनाव में दोनों सीटों पर सिटिंग विधायकों को टिकट दिया था। दोनों विधायकों ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर कब्जा बरकरार रखा। शाम को परिणाम आने के बाद भाजपाई जीत के जश्न में डूब गए। भाजपा कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर मतगणना स्थल के समीप पहुंचे और जीत की खुशी मनाईं। कार्यकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को फूलमालाओं से लाद दिया और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
दोनों सीटों पर दिखा मोदी-योगी फैक्टर
दोनों विधानसभा सीटों पर मोदी-योगी फैक्टर साफ नजर आया। जिले के मतदाता कराए गए विकास कार्यों, दो बार राशन व अन्य योजनाओं से खुश दिखे। यहीं वजह रही कि महोबा व चरखारी सीट से भाजपा प्रत्याशी 41 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करने में सफल रहे। जिले में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान हुआ था। मतदान के बाद से ही भाजपा प्रत्याशियों की जीत तय नजर आ रही थी।
मतगणना स्थल की ड्रोन से हुई निगरानी
जिला प्रशासन ने सकुशल मतगणना संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की थी। मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार की घटना की निगरानी के ड्रोन से निगरानी की गई। मतगणना शुरू होने से पहले ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। एसपी सुधा सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रहीं।
सदर विधानसभा सीट
प्रत्याशी पार्टी मिले मत
राकेश गोस्वामी भाजपा 93,997
मनोज तिवारी सपा 50,598
संजय साहू बसपा 38,204
सागर सिंह कांग्रेस 9,380
चरखारी विधानसभा सीट
बृजभूषण राजपूत भाजपा 102051
रामजीवन यादव सपा 60, 170
विनोद राजपूत बसपा 41,087
निर्दोष दीक्षित कांग्रेस 7,187
इनको भी मिले वोट
सदर सीट से बहुजन मुक्ति मोर्चा के एहसान सौदागर को 961, भारतीय चेतना शक्ति के कमलेश कुमार को 1102, जन अधिकार पार्टी के कुलदीप कुशवाहा को 4556, आजाद समाज के देवप्रताप सिंह को 694, आप के महेश कुमार को 649, निर्दलीय अनिल कुमार को 841, अनिल सिंह को 432, अर्जुन कुमार को 555, देवराज को 843 और महेश को 1145 वोट मिले। चरखारी सीट पर राइट टू रिकाल के कुंवर लाल को 1058, आप के प्रेमनरायन को 1245, जन अधिकार के संतोष सिंह को 5074, निर्दलीय अनिल कुमार सिंह गौर को 1977 और भुवनेंद्र नरायण सिंह को 973 वोट मिले।