Mahoba News: रंगदारी मांगने के मामले में सपा नेता समेत 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्लाॅट पर निर्माण करा रहे संचालक पर तमंचा लगाकर तीन लाख रुपये मांगे थे।
कंठेश्वर मंदिर के पास प्लाट पर निर्माण करा रही संस्था के संचालक से तीन लाख रुपये रंगदारी मांगने की शिकायत सामने आई है। इसमें सपा नगर महासचिव समेत 23 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
थाना कबरई के सुरहा निवासी बंटू उर्फ मोहर सिंह कंठेश्वर मंदिर के पास स्थित केएचएससी के प्लाॅट पर निर्माण करा रहा है। सोमवार को सपा के नगर महासचिव अनीस जॉन, मनीष त्रिपाठी, भोला तिवारी व 20 अज्ञात लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि दबंग असलहे लेकर आए और सीने पर तमंचा लगाकर निर्माण कार्य कराने के एवज में तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
विरोध करने पर मारपीट कर हमला किया। इससे मोहर सिंह घायल हो गया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पुलिस ने सपा के नगर महासचिव समेत 23 लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, बलवा, धमकी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।