उच्चाधिकारियों के आदेश पर कानपुर-सागर हाईवे में ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे नायब तहसीलदार पंकज गौतम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर तहसील पहुंचे नायब तहसीलदार को तहसील पहुंच बालू माफियाओं ने घेर लिया और करीब आधा घंटे तक बंधक बनाए रखा।
मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दिए जाने के बाद डीएम ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार पंकज गौतम मंगलवार की भोर करीब पांच बजे हाईवे में ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
तभी बालू से भरा एक ओवरलोड ट्रक पकड़ा। जिसे भटीपुरा चौकी लाया जा रहा था। तभी बालू माफियाओं ने नायब तहसीलदार पर पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर नायब तहसीलदार तहसील पहुंच गए।
तब कुछ देर बाद बालू माफियाओं ने तहसील पहुंच घेराव कर लिया और करीब आधा घंटे तक बंधक बनाए रखा। बाद में तहसील कर्मचारियों के एकजुट होने पर बालू माफिया भाग निकले। नायब तहसीलदार ने बताया कि ओवरलोड ट्रक पकड़कर चौकी लाने के दौरान बालू माफियाओं ने हमला किया और आधा घंटे तक बंधक बनाए रखा।
जिसकी सूचना एसडीएम जितेंद्र सिंह को दी गई है। उधर अधिकारी पर हमला व बंधक बनाए जाने की जानकारी पर डीएम मनोज कुमार ने दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि जिले में बालू का अवैध खनन कर माफिया बिना रॉयल्टी के ओवरलोड वाहन निकाल रहे हैं। चेकिंग के दौरान वाहन रोके जाने पर इससे पहले भी अधिकारियों पर हमले हो चुके हैं।