लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हसनगंज थाना क्षेत्र के मटरिया गांव के पास चालक को झपकी लगने से तेज रफ्तार कार डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे में कैंसर पीड़ित मरीज की मौत हो गई। एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कार सवार चंडीगढ़ से कैंसर पीड़ित मरीज को लेकर सुल्तानपुर जा रहे थे।
जनपद सुल्तानपुर के लम्बुआ थाना क्षेत्र के गोरेन गांव निवासी श्यामलाल (48) चंडीगढ़ में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। जिसे कुछ दिन पहले कैंसर होने पर इसके ही साथ चंडीगढ़ में रह रहा प्रतापगढ़ जिले के थाना अल्टा के सराय भानी निवासी प्रेम वर्मा (18) और जिला अम्बाला कैंट के थाना भरतनगर में रहने वाले श्यामलाल के बहनोई बलबीर ने श्यामलाल को चंडीगढ़ में ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां हालत में सुधार न होने पर डाक्टरों ने घर ले जाने के लिए बोल दिया। जिस पर श्यामलाल की पत्नी शमला (45) जिला सुल्तानपुर के संग्राम पुर थाना क्षेत्र के कोलूहा थिरांह निवासी रामसिंह (30) के साथ पति श्यामलाल को लेने चंडीगढ़ गई थी।
मंगलवार सुबह 7 बजे सभी एक्सप्रेस-वे के रास्ते सुल्तानपुर जा रहे थे। हसनगंज थाना क्षेत्र के मटरिया गांव के पास कार चला रहे राम सिंह को झपकी लगने से तेज रफ्तार कार डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में जाकर एक्सप्रेस-वे पर पलट गई।
हादसे में कैंसर पीड़ित श्यामलाल की मौत हो गई और उसकी पत्नी शमला, बहनोई बलवीर, पड़ोसी प्रेम वर्मा और चालक रामसिंह घायल हो गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने घायलों को औरास पीएचसी में भर्ती कराया। यहां से चालक राम सिंंह और पड़ोसी प्रेमवर्मा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यूपीडा ने क्षतिग्रस्त कार मटरिया टोल पर खड़ी कराया है। हसनगंज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।