घटना के बाद जांच करती पुलिस व मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले के कस्बा जैतपुर में एक महिला ने पति से कहासुनी के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। कस्बा जैतपुर के बाईपास मार्ग निवासी अशोक कुमार सोनी मुख्य बाजार में स्टील बर्तन की दुकान किए हुए हैं, जबकि पत्नी पुष्पा (35) ब्लॉक कार्यालय के पास बर्तन की दुकान किए हुए हैं। सोमवार रात दंपती व उनके तीनों बच्चे कमरे में भोजन करने के बाद लेट गए।
पुष्पा अपने मायके फोन पर बात करने लगी तो पति ने मना किया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। देर रात महिला ने कमरे से निकलकर बाहर से कुंडी लगा दी और दूसरे कमरे में जाकर रोशनदान से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह जब पति जागा तो बाहर से दरवाजे की कुंडी लगी होने पर पड़ोस में रहने वाले भाई बबलू को फोन करके बुलाया। भाई अंदर पहुंचा और कुंडी खोली तो दूसरे कमरे में जाकर देखा तो महिला फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए परिजनों से जानकारी ली।