कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को एकलव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रॉस कंट्री इंट्राम्यूरल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 131 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराणा प्रताप हाउस ने ओवरऑल खिताब अपने नाम किया।
पुरुष वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में भगत हाउस के अभिनंदन राजपूत ने स्वर्ण, शिवाजी हाउस के पुनीत कुमार ने रजत और आजाद हाउस के रौनक ने कांस्य पदक जीता।महिला वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ में महाराणा प्रताप हाउस की मांडवी सोमवंशी ने स्वर्ण और पलक शुक्ला ने रजत पदक हासिल किया। भगत सिंह हाउस की टीना को कांस्य पदक मिला। प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. अंकित त्रिवेदी, डॉ. आशीष कुमार कटियार और इंट्राम्यूरल सचिव अभिषेक मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। समापन पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।