महाकुंभ के दौरान यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे स्पेशल मेमू चलाएगा। इसके लिए कानपुर सेंट्रल को 50 मेमू का मेंटीनेंस करने की जिम्मेदारी मिली है। एसीएम संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया रोज पांच मेमू (रैक) तैयार की जा रहीं हैं। सात से 12 डिब्बे वाली ये गाड़ियां प्रयागराज, छिवकी, नैनी, सूबेदारगंज, कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी पर खड़ी की जाएंगी। जिस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ ज्यादा होगी, पास खड़ी मेमू को स्पेशल रूट पर चलाकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
एसीएम के मुताबिक, इसके साथ ही सेंट्रल स्टेशन के कैंट और सिटी साइड होल्डिंग एरिया चिह्नित किए गए हैं। कुंभ के लिए गाड़ी का इंतजार करने वाले यात्री इसी एरिया में रहेंगे और गाड़ी का इंतजार करेंगे। उन्हें लाउडस्पीकर के माध्यम से विभिन्न ट्रेनों की लोकेशन बताई जाएगी। होल्डिंग एरिया में आम जनसुविधाओं के इंतजाम किए गए हैं। यहीं से यात्रियों को गाड़ी का टिकट भी देने की तैयारी है।
आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की क्यूआरटी देगी इनपुट
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन और होल्डिंग एरिया में क्यूआरटी तैनात रहेगी। यह क्यूआरटी ही वरिष्ठ अधिकारियों को भीड़ का इनपुट देगी, जिस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होगी, उसी रूट पर ट्रेन दौड़ाई जाएगी।