ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के प्रस्तावित एकदिवसीय मैच की तैयारियों के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने दो कमेटियां बनाई हैं। फ्लड लाइट और डॉयरेक्टर पवेलियन में ड्रेसिंग रूम के निर्माण को पहली प्राथमिकता में रखा गया है। दोनों ही काम जल्द शुरू कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
वनडे मैच के लिए यूपीसीए ने आर्गनाइजिंग और वर्किंग कमेटी बनाई है, जो ग्रीनपार्क स्टेडियम की तैयारी को देखेगी। आर्गनाइजिंग कमेटी में यूपीसीए के डॉयरेक्टर प्रेमधर पाठक, एमएम मिश्रा, एसके अग्रवाल और केसीए चेयरमैन डा. संजय कपूर को लिया गया है। वर्किंग कमेटी में यूपीसीए के सीओओ दीपक शर्मा और रवि शुक्ला को लिया गया है। इन कमेटियों में कई अन्य लोगों को भी शामिल किया जाएगा। दोनों ही कमेटियों ने अपना-अपना काम संभाल लिया है।
यूपीसीए के सचिव राजीव शुक्ला ने बताया कि ग्रीनपार्क स्टेडियम में फ्लड लाइट को प्राथमिकता के तौर पर रखा गया है। जल्द ही यह काम शुरू होगा। इस बार ड्रेसिंग रूम को डॉयरेक्टर पवेलियन में बनाया जाएगा। यह काम फिलहाल अस्थायी रूप से होगा। आगे चलकर स्टेडियम में नया ड्रेसिंग रूम बनाया जाएगा। दोनों कामों को पूरा कराने के लिए निर्देश दिए जा चुके है।