उत्तर प्रदेश में रोजा जंक्शन पर कोयला उतारकर वापस लखनऊ जा रही मालगाड़ी हादसे का शिकार हो गई। यहां ट्रेन के दो डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए...
ये हादसा दिल्ली-लखनऊ रूट पर बालामऊ जंक्शन और दलेलनगर के बीच हुआ। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रात के वक्त 1 घंटे के लिए ट्रैक बाधित जरूर हुआ था, जिसके चलते दो ट्रेनों के आवागमन में देरी हुई इसके बाद से ट्रैक सामान्य बना हुआ है।
ट्रेन के दो डिब्बे ट्रैक से उतरकर अप-डाउन दोनों ट्रैकों पर फैल गए थे। जिसके चलते रूट ठप हो गया। मालगाड़ी के डिब्बे दोनों ट्रैकों के बीच में गिरे हैं जिससे किसी भी ओर से ट्रेनें पास नहीं हो पा रही थी। लखनऊ से हरदोई होकर दिल्ली जाने-आने वाली सभी ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया।
डाउन रूट की कई ट्रेनें हरदोई और उसके आसपास के स्टेशन पर खड़ी रही। लखनऊ से चली ट्रेनों को संडीला और आसपास के स्टेशन पर रोका गया। रायबरेली से नई दिल्ली जाने वाली पदमावत एक्सप्रेस को दलेलनगर और बालामऊ स्टेशन के बीच में ही खड़ा करना पड़ा। घटना की सूचना के बाद रेलवे के अफसर और कर्मचारी मौके पर तुरंत पहुंचे और ट्रैक को एक घंटे के भीतर क्लियर करा दिया।