कानपुर। गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई जा रही एलटीटी एक्सप्रेस में शनिवार को हादसा होने से बच गया। जैतीपुर के पास ट्रेन के एसी थ्री कोच की स्प्रिंग टूट गई। इसके बाद यह 45 किमी कानपुर सेंट्रल तक कोच लहराता हुआ आया। यहां टीएक्सआर ने कोच चेक किया तो बी-3 कोच की स्प्रिंग टूटी मिली। टीएक्सआर दल की सूचना पर कोच को डैमेज घोषित किया। दूसरा एसी थ्री कोच लगाया। इस चक्कर में ट्रेन ढाई घंटे विलंब से कानपुर सेंट्रल से रवाना हो सकी।
शनिवार दोपहर करीब सवा दो बजे 11080 एलटीटी कानपुर एक्सप्रेस लखनऊ से चली। ट्रेन के जैतीपुर स्टेशन पार करते ही एसी थ्री कोच लहराने लगा। पहले तो गार्ड व चालक कुछ समझ नहीं पाए। यात्री भी ट्रेन लहराने और खड़खड़ाहट की आवाज को समझ नहीं सके। चालक और गार्ड ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। ट्रेन जब कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची तो टीएक्सआर दल ने चेक किया। स्प्रिंग टूटने का पता चलने पर मैकेनिकल अनुभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे रेलवे इंजीनियरों ने कोच हटाने का निर्णय लिया। वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक अवधेश द्विवेदी, आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार ने डैमेज कोच के यात्रियों को नीचे उतारकर दूसरा एसी थ्री कोच जोड़ा गया। इस वजह से ट्रेन शाम 04:00 से 06.40 बजे तक खड़ी रही और करीब पाैने तीन घंटा देरी से कानपुर सेंट्रल से रवाना हो सकी।