यूपी के महोबा जिले में चरखारी-श्रीनगर मार्ग पर पवा तिराहे के समीप लाठी-डंडों से लेस तीन बदमाशों ने प्राइवेट बस रोक ली। बस कंडेक्टर के नीचे उतरते ही बदमाशों ने हमला बोल दिया और जेब में पड़ी चार हजार की नगदी लूट ली। बीच-बचाव करने पहुंचे एक यात्री को भी पीटकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने पर बदमाश भाग निकले। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर से एक प्राइवेट बस रात करीब 9 बजे चरखारी होते हुए श्रीनगर जा रही थी। तभी पवा तिराहे के पास सड़क किनारे खड़े एक युवक ने बस को हाथ देकर रोक लिया। बस रुकते ही कंडेक्टर नीचे उतरा। तभी लाठी-डंडे लेकर पहले से घात लगाए बैठे युवक के दो अन्य साथियों ने कंडेेक्टर मुन्ना तिवारी निवासी छतरपुर पर हमला बोल दिया।
मारपीट होती देख बस में सवार यात्री योगेंद्र निवासी चरखारी बीच-बचाव कराने लगा। जिस पर बदमाशों ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया। बदमाशों ने कंडेक्टर की जेब में पड़ी करीब चार हजार रुपये की नगदी लूट ली। यात्रियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। तब बदमाश मौके से भाग गए।
पीड़ित कंडेक्टर ने कोतवाली चरखारी में सूचना देकर घटना बताई। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल करते हुए बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। कोतवाली प्रभारी चरखारी रीता सिंह का कहना है कि मामला टिकट के लेन-देन को लेकर मारपीट का है। घटना श्रीनगर थाना क्षेत्र में हुई है। घटना की जांच कराई जा रही है।