फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वतंत्र देव बोले: खाट पर बैठकर फतवा जारी न करें, घर-घर जाकर वोट मांगें भाजपा कार्यकर्ता

Tue, 14 May 2024 06:06 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौन

सार

lok sabha election: अन्नदाता सम्मेलन में जालौन पहुंचे मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा सरकार की योजनाएं गिनाईं, वहीं विपक्षी दलों पर हमला भी बोला। 
विज्ञापन
जालौन पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सूबे के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने गल्ला मंडी में आयोजित अन्नदाता सम्मेलन में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को वोट करने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि खाट पर बैठकर फतवा जारी करने वाले घरों से निकलें और जनता के बीच जाकर भाजपा प्रत्याशी भानुप्रताप सिंह वर्मा के लिए वोट मांगें।

विज्ञापन


भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित की अध्यक्षता में संपन्न हुए अन्नदाता सम्मेलन में जलशक्ति मंत्री ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के मोदी सरकार ने करोड़ों लोगों को आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, आयुष्मान योजना, बिजली कनेक्शन जैसे लाभ दिए हैं। देश में अब आतंकवादी घटनाएं नहीं होती हैं। अगर कोई इस तरह की घटनाएं करने की हिमाकत करता है तो घर में घुसकर मारने की ताकत भी भारत देश रखता है।

उन्होंने कहा, आपके सांसद तो इतने उदार हैं कि आज तक किसी का रत्ती भर भी नुकसान नहीं किया वरना तो पद पाकर लोग बौरा जाते हैं और लोगों का उत्पीड़न करने, दूसरों की जमीनें हथियाने जैसे काम करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले राज्य में बिजली, पानी, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और अराजकता का माहौल था। आज घर की बेटी रात में भी कोंच से अयोध्या जा सकती है। कमल नहीं खिलाया तो राहुल व अखिलेश राम मंदिर का काम रुकवा देंगे।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि पहले ईद पर 24 घंटे और राम बरात पर दो घंटे बिजली मिलती थी लेकिन अब योगी सरकार में ईद बकरीद और रामबारात सभी में 24 घंटे बिजली मिलती है। इस दौरान प्रत्याशी भानुप्रताप वर्मा, विधायक मूलचंद्र निरजंन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, ब्रजभूषण सिंह मुन्नू, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, अरुण मेहरोत्रा, एमएलसी रमा निरजंन, आरपी निरजंन, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय चौधरी, अरविंद चौहान, रामेंद्र सिंह बनाजी, विनोद अग्निहोत्री, जगदीश तिवारी, उदयन पालीवाल, शीतल कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

'सपा शासन में गुंडे दुकान लूट लेते थे और विरोध करने पर गोली खाते थे'
कोंच। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा है कि 2017 से पहले सपा शासन में गुंडे और माफिया हावी थे। दिनदहाड़े गुंडे दुकान लूट लेते थे और विरोध करने पर गोली खानी पड़ती थी। जबसे यूपी में योगी की सरकार आई है, गुंडे माफिया खत्म हो गए हैं, आम जनता अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है। यह बात उन्होंने विधायक मूलचंद्र निरंजन के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने सोनिया पर निशाना साधते हुए कहा, उनके नेतृत्व में शंकराचार्यों की गिरफ्तारी की गई, इन लोगों ने तो राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण हुआ है। भ्रष्टाचार और बेईमानी खत्म हुए हैं, प्रदेश में कानून का शासन है। विधायक के यहां से मंत्री पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के आवास पर भी पहुंचे।
विज्ञापन

प्रोटोकॉल तोड़ कर पारिवारिक मित्र के घर पहुंचे मंत्री
कोंच। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह मंगलवार को अपने कोंच दौरे के दौरान अपने पारिवारिक मित्र स्वर्गीय राजीव तलवाड़ के घर पहुंचे और उनकी पत्नी मनोरमा तथा बेटे राहुल तलवाड़ से कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने पूरे तलवाड़ परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाई। हालांकि तलवाड़ के यहां जाना उनके प्रोटोकॉल में नहीं था लेकिन वे प्रोटोकॉल तोड़कर वहां पहुंचे और करीब दस मिनट वहां रुके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें