झींझक। मंगलपुर थाना के परजनी के एक गेस्ट हाउस में बुधवार को शादी का सामान लादने के दौरान लोडर चालक को हाईटेंशन लाइन से करंट लग गया। इससे वह गंभीर झुलस गया। बराती उसे इलाज के लिए झींझक सीएचसी ले आए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया मगर बराती उसके जीवित होने की बात कहकर अपने साथ ले गए।
परजनी निवासी रामस्वरूप कनौजिया के बेटी की मंगलवार को एक गेस्ट हाउस से शादी थी। वैरी खैरा लखुना औरैया से बरात आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बुधवार को विदाई की गई। शादी में मिले सामान को ले जाने के लिए बरातियों की ओर से औरैया के कंचौसी बाजार निवासी अंशुल उर्फ राहुल (28) का लोडर बुक किया था। बुधवार दोपहर लोडर में सामान लादने के लिए अंशुल डाला के ऊपर लगे पाइप को खोल रहा था। पाइप ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन में छू जाने से उसको करंट लग गया।
मौके पर मौजूद लोग उसे झींझक सीएचसी ले गए। वहां डॉ. शिरोमणि सिंह ने उसको मृत घोषित कर दिया लेकिन परिजन उसके जिंदा होने की आशंका पर यहां से मेडिकल कालेज ले गए। डॉ. शिरोमणि सिंह ने बताया कि युवक की अस्पताल लाए जाने से पहले ही मौत हो चुकी थी। इधर अनहोनी पर अंशुल की मां ऊषा व बहन रिचा रोने लगीं। अंशुल का बड़ा भाई अमर वायु सेना का जवान है। मंगलपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि मामले को लेकर कोई भी लिखित सूचना नहीं दी गई है।