कानपुर में कोरोना से दो रोगियों की और मौत हो गई है। दोनों पहले से बीमार थे। कोरोना से अब तक 711 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को 47 नए संक्रमित मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 27222 है।
इनमें 24584 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। एक्टिव केस 1927 हैं। हैलट में कोरोना संक्रमित दो रोगियों की मौत हुई है। इनमें गोविंदनगर के रहने वाले 63 साल के वृद्ध हैं। उन्हें डायबिटीज, हापरटेंशन और सांस की दिक्कत थी।
बरीपाल के रहने वाले 45 साल के पुरुष को सिर के दाहिनी तरफ सूजन थी। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा नए संक्रमित आरके नगर, किदवईनगर, लाजपतनगर, बाबूपुरवा, बर्रा, कल्याणपुर, जिला कारागार, मेडिकल कालेज परिसर, यशोदानगर आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
564 रोगी ठीक, 5984 सैंपल लिए
कोरोना से शनिवार को 564 रोगी ठीक हो गए हैं। इनमें 79 रोगी अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं और 485 होम आइसोलेशन में ठीक हो गए। कांशीराम अस्पताल से आठ, नारायणा से एक, जीटीबी से 23, एसआईएस से 28, रीजेंसी से चार, रामा मेडिकल कालेज से एक, हैलट से दो तथा 12 अन्य अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शनिवार को 5984 सैंपल लिए। विशेष सर्विलांस के तहत 716 और रूटीन में 5268 सैंपल लिए गए।