फर्रुखाबाद। नकली खाद बेचने की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दुकान पर छापा मारा। उन्होंने विक्रेता का लाइसेंस निलंबित करने के साथ दुकान सील व खाद का स्टॉक सीज कर दिया।
कंपिल क्षेत्र के गांव गंगपुर निवासी किसान बलवीर, उदयवीर, पप्पू व सुनील ने तहसील कायमगंज में बुधवार को शिकायत की थी। इसमें कहा कि उन लोगों ने कटिया रोड कंपिल स्थित महादेव खाद भंडार से डीएपी लेकर फसल की बोआई कराई। नकली खाद होने से फसल का जमाव सही नहीं हुआ। किसानों की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को बुलाकर दुकान की जांच की। इस दौरान डीएपी की बोरी में राख जैसी भरी मिली। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में डीएपी उर्वरक नकली होने की आशंका के कारण खाद विक्रेता का लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया। दुकान में उपलब्ध 45 बोरी डीएपी स्टॉक से व किसानों के पास रखी डीएपी की बोरी से जांच के लिए नमूना लिया गया। बिक्री रोक लगाते हुए दुकान में मौजूद उर्वरक स्टाॅक सीज कर दुकान भी सील कर दी। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने पर दुकान सील रहेगी। सीज स्टॉक की सुरक्षा की जिम्मेदारी रिंकू नामक व्यक्ति को सौंपी गई है। नमूना फेल होने पर खाद विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध
जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस बार डेढ़ गुना डीएपी वितरित हो चुकी है। पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। जिले में यूरिया 29181 मीट्रिक टन, डीएपी 21150 मीट्रिक टन, पोटास 10586 मीट्रिक टन, एनपीके 27330 मीट्रिक टन, सुपर फास्फेट 18716 मीट्रिक टन उपलब्ध है। सभी सहकारी समितियों पर यूरिया भेजी जा रही है। किसान खाद लेने के लिए खतौनी व आधार कार्ड लेकर जाएं। संतुलित मात्रा में उर्वरक प्रयोग करें।