वीएसएसडी कॉलेज में तेंदुआ दिखने से खौफ
- फोटो : अमर उजाला
11 दिन पहले वीएसएसडी कॉलेज परिसर में देखे गए तेंदुए की चहलकदमी थम गई है। गुरुवार से उसके न तो पंजों के निशान मिले न ही वह कैमरे में कैद हुआ। आगरा से आई वाइल्ड लाइफ की टीम बुधवार को लौट गई। इधर, कॉलेज परिसर में बने जंगल में रखे गए तीनों पिंजड़ों में फिलहाल चारा रखा रहेगा।
वन विभाग की एक टीम कॉलेज परिसर में तैनात रहकर यहां लगे कैमरों से निगरानी करेगी। जिला वन अधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि बुधवार को भी परिसर से लेकर गंगा बैराज तक कांबिंग की गई लेकिन तेंदुआ का कोई सुराग नहीं लगा। पिंजड़ों की रोज निगरानी होगी, चारा भी रखा गया है। एक टीम कॉलेज परिसर में तैनात रहेगी।
बैराज के लवकुश पार्क से हटाए कैमरे
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए 10 नाइट विजन कैमरे लगाए थे। जिसमें 6 कैमरे वीएसएसडी कॉलेज कैंपस में और 4 कैमरे बैराज के लवकुश पार्क में लगाए गए थे। बीते गुरुवार के बाद से तेंदुए की कोई हरकत कैमरे में कैद नहीं हुई तो बुधवार को बैराज स्थित लवकुश पार्क में लगे कैमरे हटा दिए गए। कैंपस में लगे कैमरों से निगरानी होगी।
कॉलेज में शुरू हुई जंगल की सफाई
वीएसएसडी कॉलेज ने अब जंगल की सफाई शुरू कर दी है। जंगल का करीब 20 फीसदी हिस्सा झाड़ी मुक्त कर दिया। जंगल की सफाई करने के बाद नाले पर जाल लगाने की तैयारी भी है। जिससे भविष्य में किसी तरह का खतरा न हो। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बिपिन चंद्र कौशिक के मुताबिक कॉलेज ने अब जंगल को साफ करने का फैसला लिया है। झाड़ियों को काटा गया है। जल्द ही नाला जाल से बंद करा दिया जाएगा।