कानपुर देहात। प्रवक्ता पुरुष/महिला राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 जिले के छह केंद्रों पर 14 जून को होगी। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में परीक्षा 14 जून को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एक पाली में आयोजित होगी। इसके लिए जिले में छह परीक्षा केंद्र अकबरपुर डिग्री कॉलेज, अकबरपुर इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्री रामस्वरूप ग्राम उद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां तथा आरपीएस इंटर कॉलेज रूरा शामिल हैं। इन केंद्रों पर 2,494 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बैठक में बताया गया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। सभी अभ्यर्थियों का बायोमीट्रिक और आइरिस सत्यापन कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर दो स्तरीय फ्रिस्किंग (तलाशी) की व्यवस्था रहेगी तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा। बैठक में एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एएसपी आलोक प्रसाद समेत केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।