संदलपुर। नवागंतुक सीएमओ ने बुधवार रात सीएचसी हवासपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें गेट के बाहर गार्ड सोता मिला। उसे उठाने के बाद अंदर पहुंचे तो फार्मासिस्ट कमरे में सोते मिले। ड्यूटी चार्ट भी बना नहीं मिला और न ही किसी इमरजेंसी ड्यूटी अधिकारी का नाम नंबर लिखा मिला। उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर न मिलने पर पांच कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज कर वेतन काटने के निर्देश अधीक्षक को दिए। साथ ही लापरवाही पर अन्य कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर सरकार का जोर है। इमरजेंसी सेवाएं बेतर ढंग से संचालित हो, इसके लिए लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार लापरवाह बने हुए हैं। बुधवार रात 11:30 बजे के करीब सीएमओ डॉ. जय गोविंद संदलपुर ब्लॉक की हवासपुर सीएचसी पहुंचे। वहां गार्ड सोता मिला। उसे जगाने के बाद जब वह अंदर पहुंचे तो फार्मासिस्ट विनोद कटियार कमरे में सोते मिले। अंदर लेवररूम में स्टाफ नर्स मंजू देवी उपस्थित थीं। सीएमओ के पहुंचने पर आवास से अधीक्षक अमित सिंह भी आ गए। सीएमओ ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं।
इमरजेंसी सेवा के दौरान मिली लापरवाही पर नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने वैक्सीन का रखरखाव देखा। रखरखाव ठीक न मिलने, आईसपैक न बदले होने पर इम्यूनाइजेशन अधिकारी सतीश तिवारी की जमकर फटकार लगाई। इधर उपस्थिति रजिस्टर जांचा तो एक्स-रे टेक्नीशियन वीरेंद्र कुमार, फार्मासिस्ट योगेश शुक्ला, अमित बाजपेई, डेंटिस्ट अजय विश्वकर्मा व एआरओ अमृतलाल के उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं थे, इस पर उनकी अनुपस्थिति लगाई। साथ ही अधीक्षक को अनुपस्थिति कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. जय गोविंद ने बताया कि अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर नहीं मिला। किसी डॉक्टर, फार्मासिस्ट, चतुर्थश्रेणी का नाम नंबर नहीं मिला। अधीक्षक अमित सिंह कमरे पर थे। गार्ड और फार्मासिस्ट सोते मिले हैं। इम्यूनाइजेशन अधिकारी सतीश तिवारी की लापरवाही से वैक्सीन खराब हो रही थी। इस पर सभी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इसके साथ इमरजेंसी सेवाओं में रिस्पांस टाइम बेहतर बनाने और संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।