पुखरायां। भोगनीपुर तहसील स्थित तहसीलदार कोर्ट में बृहस्पतिवार को एक मामले की सुनवाई के समय हुए विवाद के बाद शुक्रवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर पक्षपात का आरोप लगा स्थानांतरण की मांग करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
भोगनीपुर तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष धर्म सिंह ने जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में बताया कि बृहस्पतिवार को एक जमीन के मामले में तहसीलदार कोर्ट में सुनवाई थी। इस दौरान दोनों पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया था। अधिवक्ता चेंबर के बाहर आए एसडीएम ने अधिवक्ताओं से गलत व्यवहार किया। इसको लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन भोगनीपुर की ओर से प्रार्थना पत्र दिया है। जिसको लेकर भोगनीपुर तहसील में शुक्रवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और बहिष्कार जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने एसडीएम के स्थानांतरण की मांग की।
बता दें कि विवाद के बाद तहसील के नायब नाजिर की शिकायत पर दोनों पक्षों के तीन नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ भोगनीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिलाधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे अधिवक्ताओं में एकीकृत बार एसोसिएशन माती अध्यक्ष राधेश्याम कटियार, महामंत्री मनवीर पाल, जिला बार एसोसिएशन माती अध्यक्ष बलराम सिंह यादव एडवोकेट, महामंत्री दुर्गेश यादव एडवोकेट ,पूर्व अध्यक्ष राजपाल यादव एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष दिलीप यादव एडवोकेट सहित अधिवक्ता शामिल रहे।