ट्रांस गंगा प्रोजेक्ट के लिए यूपीएसआईडीसी की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया से नाराज किसान बीते 16 सितंबर से यहां अनशन पर बैठे हुए थे। किसानों ने अनशन के 17वें दिन ट्रांस गंगा सिटी परियोजना की 100 बीघा जमीन की जुताई की।
डेमो पिक
मामला उन्नाव जिले के शुक्लागंज स्थित ट्रांस गंगा सिटी परियोजना का है। भूमि अधिग्रहण मामले में नाराज चल रहे किसानों ने सोमवार को ट्रांस गंगा सिटी परियोजना की 100 बीघा जमीन की ट्रैक्टर द्वारा जुताई की। इसके साथ ही किसानों ने पिछले 17 दिनों से अपने अनशन को समाप्त करने का एलान किया। किसानों ने कहा कि इस भूमि पर किसान फसल की बुआई भी करेंगे। इस दौरान गुलाबी गैंग की लीडर संपत पाल भी मौजूद रहीं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यहां दस थानों की पुलिस फोर्स को तैनात किया।
यूपीएसआईडीसी की जमीन को क्षति पहुंचाने के मामले में जिला प्रशासन ने गुलाबी गैंग की लीडर संपत पाल समेत 400 किसानों के खिलाफ गंगाघाट थाने में मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम मेघा रूपम ने बताया कि बलवा, लोक संपत्ति क्षति अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि यूपीएसआईडीसी के अधिशाषी अभियंता बीडी यादव की तहरीर पर प्रो. वीएन पाल, संपत पाल, हीरेंद्र निगम, सनोज यादव, उमेश शुक्ला, मिठ्ठू लाल, कि शोरी लाल, महेश्वरी देवी, गुड्डी देवी, दिलीप निगम, रामकिशोर, कुमारी सरस्वती शामिल है। जबकि अज्ञात में करीब 4 सौ किसान शामिल है।