कानपुर देहात। आवारा कुत्तों के हमले और राहगीरों को काटने की घटनाएं बढ़ने को लेकर डॉग शेल्टर व एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर बनाने की पहल हो रही है। जिला मुख्यालय के नगर अकबरपुर में नवीपुर स्थित जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसकी सैद्धांतिक सहमति मिल गई है। अब बजट जारी होने पर निर्माण शुरू होगा।
जनपद में हर दिन करीब 30 लोग डॉग बाइट का शिकार होते हैं। कुत्तों के काटने से प्रभावितों में रैबीज का खतरा बना रहता है। सुप्रीम अदालत के निर्देश के बाद डॉग शेल्टर व एबीसी सेंटर बनाने की रूपरेखा बनी। इसी क्रम में अकबरपुर में नवीपुर में 1.239 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। डॉग शेल्टर व एबीसी सेंटर बनाने का प्रस्ताव बीते 18 मई को शासन में भेजा गया था। बीते दिनों शासन ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इससे तय हो गया है कि जल्द ही जनपद में डॉग शेल्टर व एबीसी सेंटर बनकर तैयार होगा। इससे सड़क पर घूमने वाले आवारा कुत्तों पर लगाम लगेगी। साथ ही लोगों की सुरक्षा और पशु कल्याण दोनों सुनिश्चित हो सकेगा। इधर नगर में डॉग फीडिंग प्वाइंट बनाने की भी तैयारी है। आवारा कुत्तों के लिए इधर-उधर या सड़क किनारे बचा भोजन आदि फेंकने के बजाय केवल इन्हीं स्थानों पर भोजन आदि रखा जा सकेगा।
...................
बयान.....
शासन के निर्देश पर नवीपुर में मानक के अनुसार भूमि का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। प्रस्ताव को मंजूर कर लिया गया है। कानपुर-झांसी हाईवे के करीब ही जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। जल्द बजट जारी होने की उम्मीद है। इसके साथ ही नगर में कई स्थानों पर डॉग फीडिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। केवल चिह्नित स्थानों पर ही कुत्तों के लिए खाना आदि रखा जा सकेगा। - आशीष कुमार, ईओ अकबरपुर
.....................
जानें क्या है डॉग शेल्टर
डॉग शेल्टर और एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों (वयस्क व अवयस्क )को रखा जाएगा। इसके साथ ही प्रशिक्षित टीम इनकी आबादी नियंत्रण के लिए नसबंदी व रेबीज टीकाकरण करेगी। शेल्टर में कुत्ते सुरक्षित रखे जाएंगे। यहां घायल कुत्तों का इलाज भी हो सकेगा।