जितेंद्र की सूचना पर अकबरपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाॅड के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन और पीड़ित परिवार के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी का कहना है कि भाजपा नेता के परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। चोरों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
बारिश के चलते डॉग स्क्वाड बैरंग लौटा
चोरों का सुराग लगाने के लिए अफसरों ने डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया। जिस कमरे से माल चोरी हुआ, वहां कुत्ता इधर-उधर कुछ देर तक सुंघता रहा। इसके बाद वह बाहर निकला, लेकिन बारिश के चलते चोरों के पैरों के निशान नहीं धुल जाने से डॉग स्वाक्ड कारगर नहीं हुआ और बैरंग लौट गया।
बच्चों की गुल्लक तोड़कर ले गए पैसे
चोरों ने भाजपा नेता के घर में पूरे इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने भाजपा नेता की दो साल की भतीजी कृषि और छह साल के भतीजे अनीत की गुल्लक को भी नहीं छोड़ा। चोरों ने दोनों की गुल्लक तोड़कर जमा किए गए उनके पैसे भी समेट कर ले गए। इसके अलावा भाजपा नेता की छोटे भाई की पत्नी के बैग से भी करीब 20 हजार रुपये चोर निकाल कर ले गए।
...और बच गए 70 हजार
जिस कमरे से चोर गहने और नकदी ले गए हैं। वहां पर भी एक बैग में 70-80 हजार रुपये और रखे थे। इस बैग पर चोरों की निगाह नहीं पड़ी, जिससे यह रकम बच गई।
खुली पुलिस के सक्रियता और गश्त की पोल
जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में डीएम, एसपी समेत सभी बड़े पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के आवास हैं। यहां बड़े व्यापारी भी रहते हैं और उनके प्रतिष्ठान भी हैं। एसपी सुनीति से मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद सभी अफसरों को क्षेत्र में रात्रि गश्त करने और सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। भाजपा नेता के घर हुई लाखों की चोरी ने अकबरपुर थाना पुलिस की सक्रियता और गश्त की पोल खोल दी है।