जसवंतनगर। कस्बा में स्थित सीएचसी पर संसाधनों के अभाव में मरीजों को पूरी तरह से सही इलाज नहीं मिल पा रहा है। यहां रेडियोलॉजिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और नेत्र रोग विशेषज्ञ जैसे अहम पद लंबे समय से खाली हैं। हाईवे पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के बीच हड्डी रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति गंभीर समस्या बन चुकी है।
दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। सीएचसी पर प्रतिदिन 400-500 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन न होने से मरीजों की जांच नहीं हो पाती तो वहीं बार-बार बिजली जाने से एक्स-रे भी प्रभावित रहता है। कम क्षमता वाला जेनरेटर केवल ऑपरेशन जैसे आपात कार्यों में ही उपयोग हो पाता है। सीएचसी पर स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट और दंत चिकित्सक की तैनाती है। अस्पताल की सफाई व्यवस्था भी खस्ताहाल है। जिससे यहां आने जाने वाले मरीजों को भी गंदगी से जूझना पड़ता है।
दो वर्ष पहले सीएचसी कायाकल्प योजना में जिले में पहले स्थान पाया था पर अब स्थिति जस उलट है। वहीं इसपर सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सीएचसी पर विशेषज्ञों की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो सका है। उनका प्रयास है कि सीएचसी की व्यवस्थाओं को जल्द चौकस करें।