फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक हजार की उम्मीद और खींच लाई मौत: बगैर सुरक्षा टैंक में उतरा था मजदूर, PM रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि

Thu, 28 Mar 2024 06:20 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: सुरेश की मौत की सूचना पर थाने पहुंचे परिजनों ने टेनरी मालिक पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि जहरीली गैस से भरे 10 फीट गहरे टैंक में उतारने के लिए टेनरी संचालक ने सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए थे। यदि सुरक्षा किट दी जाती, तो उनकी जान बच सकती थी।

विज्ञापन
सेप्टिक टैंक साफ करने उतरे मजदूर की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर के जाजमऊ में बुधवार सुबह टेनरी के सेप्टिक टैंक में सफाई के लिए उतरते वक्त जहरीली गैस से बेहोश होकर नीचे गिरे मजदूर की सिल्ट में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने टेनरी मालिक पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। कहा कि सफाई के लिए उसे सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण नहीं उपलब्ध कराए गए।

विज्ञापन

पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। जाजमऊ के सरैया स्थित जीनत टेनरी में बुधवार सुबह चकेरी के काजीखेड़ा निवासी सुरेश (50) अपने दो साथी शिवकटरा निवासी संजय व एक अन्य के साथ ठेके पर सेप्टिक टैंक की सफाई करने गए थे। संजय के अनुसार वह व एक साथी टैंक के बाहर थे।

सुरेश टैंक में उतरे और जहरीली गैस की चपेट में आने से बेसुध होकर सिल्ट में जा गिरे। काफी देर तक बाहर न आने पर संदेह हुआ तो अंदर जाकर देखा, जहां सुरेश बेसुध पड़े मिले। टेनरी कर्मचारियों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सिर पर चोट का निशान मिला
वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुरेश की डूबने से मौत की पुष्टि हुई। सिर पर चोट का निशान मिला। ऐसे में पुलिस को उसके टैंक में नीचे गिरने से सिर पर चोट लगने और बेसुध होकर सिल्ट में पड़े रहने से मौत होने की आशंका है। सुरेश की मौत से पत्नी लक्ष्मी, दो बेटों निखिल, लकी और बेटी रिया का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों ने टेनरी मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

बिना सुरक्षा इंतजाम के ही उतार दिया गया
सुरेश की मौत की सूचना पर थाने पहुंचे परिजनों ने टेनरी मालिक पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि जहरीली गैस से भरे 10 फीट गहरे टैंक में उतारने के लिए टेनरी संचालक ने सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए थे। यदि सुरक्षा किट दी जाती तो उनकी जान बच सकती थी।

1000 रुपये में सेप्टिक टैंक साफ करने पहुंचा था
परिजनों ने बताया कि टेनरी के ठेकेदार महेंद्र राणा ने सुरेश को 1000 रुपये में सेप्टिक टैंक साफ करने के लिए बुलाया था। इसके चलते वह अपने दो अन्य साथियों के साथ टेनरी पहुंचा था। टेनरी कर्मियों का कहना है कि टैंक में मौजूद सीवेज में क्रोमियम के साथ खतरनाक केमिकल व तेजाब आदि होता है। इसी से जहरीली गैस बनती है।

हर सप्ताह सफाई करने आता था सुरेश
सुरेश जीनत टेनरी में तकरीबन हर सप्ताह सफाई करने आता था। ठेकेदार महेंद्र राणा ने बताया सुरेश मंगलवार की शाम अकेले ही टैंक की सफाई करने आया था। वह नशे में था इसलिए उसे वापस लौटा दिया था। बुधवार सुबह अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और काम शुरू किया।

पहले भी जा चुकीं कई जानें

  • वर्ष 2012: बुढ़िया घाट स्थित अनीस टेनरी में जहरीली गैस रिसाव से टेनरी मालिक समेत दो की मौत।
  • वर्ष 2016: इब्राहिम की शीतला बाजार स्थित टेनरी में जहरीली गैस रिसाव से तीन मजदूरों की मौत।
  • आठ अक्तूबर 2018: इम्पैक्ट टेनरी में सफाई के दौरान कैंट के बनिया बाजार निवासी अंसीम की मौत।

  • 23 अगस्त 2020: सुप्रीम टेनरी में सफाई के दौरान अहिरवा के देवीगंज निवासी नितिन व संजय की मौत।
  • 11 नवंबर 2022: कॉस्मो टेनरी में सफाई के दौरान बिधनू निवासी सोनू वाल्मीकि, कानपुर देहात निवासी सुखबीर सिंह और उत्तम की मौत।
विज्ञापन

टेनरी के टैंक में उतरे मजदूर की मौत हुई है। यदि नियम विरुद्ध सेप्टिक टैंक की सफाई कराई गई थी, तो टेनरी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  -श्रवण कुमार, डीसीपी पूर्वी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें