राजपुर। सिकंदरा से सवारियां लेकर राजपुर जा रहा ऑटो मंगलवार को राजपुर के भाल पुलिया के पास पलट गया। ऑटो में सवार एक मजदूर गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
औरैया जिले के अजीतमल चपटा निवासी शाकिर ने बताया कि उनके भाई शहंशाह (45) बीते कई वर्षों से सिकंदरा के जल्लापुर निवासी बहनोई मशीअल्लाह के घर पर रह रहे थे। वहां वह मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को वह ऑटो से राजपुर बाजार जा रहे थे। रास्ते में भाल पुलिया के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में घायल शंहशाह को राजपुर पीएचसी पहुंचाया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अनहोनी से परिजन बेहाल हैं। राजपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में घायल एक युवक की मौत हुई है। परिजन ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया है।