कानपुर देहात में गुरुवार को बच्चे को गोद में लिए युवक को पीटते कोतवाल।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों के धरने के दौरान बच्ची को गोद में लिए युवक को पीटना कोतवाल को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया में युवक को पीटते हुए वीडियो वायरल होने पर अफसरों ने कड़ी नाराजगी जताई। एडीजी के निर्देश पर कोतवाल को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच एएसपी को सौंपी गई है।
जिला अस्पताल परिसर में गुरुवार को वार्ड ब्वॉय रजनीश शुक्ला ने कुछ स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर ओपीडी बंद कराकर धरना दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस से कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया तो वार्ड ब्वॉय ने चौकी इंचार्ज व अन्य पुलिस कर्मियों से अभद्रता की थी। इसकी जानकारी पर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
अभद्रता पर उतारू वार्ड ब्वॉय को पुलिस ने वाहन में बलपूर्वक बैठाना चाहा तो उसके साथियों ने विरोध किया। इस पर कोतवाल ने वार्ड ब्वॉय को पीटने के साथ उसे बचाने आए बच्ची को गोद में लिए युवक को भी लाठियों से पीटा था।
इस दौरान युवक लगातार बच्ची को चोट लगने का हवाला देता रहा पर कोतवाल उसे पीटते रहे। इसका वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया। एडीजी भानु भास्कर के निर्देश पर एसपी केशव कुमार चौधरी ने कोतवाल विनोद मिश्रा को तत्काल निलंबित कर दिया।
शुक्रवार को आईजी प्रशांत कुमार ने पुलिस लाइन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कोतवाल मौके पर पुलिस को लीड कर रहे थे उन्होंने संवेदनशीलता का परिचय नहीं दिया है। उन पर कार्रवाई की गई है। मामले की जांच एएसपी को सौंपी गई है। रिपोर्ट के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।